बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए हाल ही में प्रकाशित चार ओपिनियन पोल ने एनडीए की मजबूत स्थिति दिखाई है. इन सर्वेक्षणों के अनुसार, एनडीए को 40-52% वोट शेयर और 130-158 सीटें मिलने की संभावना है जो 2020 के प्रदर्शन से काफी बेहतर है. इन सर्वेक्षणों से पता चलता है कि एनडीए की स्थिति मजबूत है, लेकिन महागठबंधन भी कड़ी चुनौती पेश कर रहा है. चुनाव के नतीजे नवंबर 2025 में आएंगे जिसके बाद ही स्पष्ट होगा कि बिहार की जनता किसे चुनती है, लेकिन वर्तमान में चुनावी सर्वे के अनुमान हैं कि एनडीए 2010 वाली ऐतिहासिक जीत दोहरा सकती है जब उसने 39 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 243 में से 206 सीटें जीती थीं.
मैट्रिक्स, जेवीसी ओपिनियन पोल, स्पीक मीडिया नेटवर्क और वोट वाइब के किए गए सर्वे एनडीए का वोट शेयर 40% से 52% के बीच और 130 से 158 सीटें मिलने का अनुमान जता रहे हैं. यह इसके 2020 विधानसभा के पिछले प्रदर्शन से काफी बेहतर है. एनडीए की मजबूत स्थिति के पीछे कई कारण हो सकते हैं. सर्वे के अनुसार, नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने बिहार में अपनी पकड़ मजबूत की है. ये चारो ओपिनियन पोल एक समान कहानी बयां कर रहे हैं. इसमें जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के साथ हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) जैसे सहयोगियों से युक्त एनडीए की मजबूत बढ़त दिख रही है. आगे प्रमुख निष्कर्षों का विवरण है.
सर्वेक्षणों के निष्कर्ष में एनडीए की मजबूत स्थिति, मैट्रिक्स सर्वे में एनडीए को 43% समर्थन
इस सर्वे में नीतीश कुमार के शासन के प्रति जनता की उल्लेखनीय संतुष्टि सामने आई है. 76% लोगों ने उनके काम से संतुष्टि जताई, जिसमें 40% “बहुत संतुष्ट” और 36% “संतुष्ट” हैं. जब पूछा गया कि कौन सी पार्टी बिहार में अच्छा शासन दे सकती है तो 35% ने बीजेपी और 18% ने जदयू को चुना और इससे एनडीए को कुल 43% समर्थन मिलता दिख रहा है. सबसे चौंकाने वाला निष्कर्ष यह कि 20 साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल के बावजूद 42% लोग नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं. यह सवाल कि अगर आज चुनाव हों तो कौन सा गठबंधन जीतना चाहिए में 52% लोगों ने एनडीए का समर्थन किया, यानी आप इसको मान सके हैं कि एनडीए को 52% वोट शेयर मिलने की संभावना है. जाहिर है यह आंकड़ा महत्वपूर्ण है, क्योंकि 2010 में एनडीए ने केवल 39% वोट शेयर के साथ 206 सीटें जीती थीं.



